Headlines

जशपुर में 30 लाख का गांजा और 10 लाख की कार जब्त,अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

जशपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त वैन्यू कार समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जब्त गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना बागबहार पुलिस ने संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और घेराबंदी की।

इसी दौरान गांधी चौक बागबहार के पास संदिग्ध वैन्यू कार को पुलिस टीम ने रोक लिया। वाहन चालक से पूछताछ में उसकी पहचान विकास चौधरी (27), निवासी समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान निवास गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।

डिक्की में मिले 60 पैकेट

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली।तलाशी के दौरान कार की डिक्की में प्लास्टिक टेप से लिपटे 60 पैकेट मिले। जांच करने पर इन पैकेटों में करीब 60 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैन्यू कार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये, जबकि वैन्यू कार की कीमत 10 लाख रुपये है। इस तरह 40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त** की गई है।

उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को गांजा किस व्यक्ति से मिला था और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था। मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बागबहार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

एसएसपी ने कहा- नशे के नेटवर्क पर रहेगी नजर

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ तकनीकी संसाधनों का उपयोग बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि गांजा तस्करी के इस मामले में एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *