विधानसभा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 फरार आरोपी और स्थायी वारंटी गिरफ्तार

रायपुर। विधानसभा थाना पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों और एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, छीलटई और चाकूबाजी करने वाले 5 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 400/2026 के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे करण नायक की तलाश की जा रही थी। तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

इसी तरह अपराध क्रमांक 278/2026 में फरार चल रहे अमर नायक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इसके अलावा बीएसयूपी कॉलोनी, दलदल सिवनी निवासी स्थायी वारंटी बादशाह अली को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

5 असामाजिक तत्वों पर भी कार्रवाई

विधानसभा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, छीलटई और चाकूबाजी कर अशांति फैलाने वाले 5 व्यक्तियों के खिलाफ भी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(च) तथा बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी विश्लेषण के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय रखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *