रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की मेंस परीक्षा 2025 के बाद साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों की संख्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छत्तीसगढ़ बीजेपी नेता उज्जवल दीपक ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस मुद्दे को उठाते हुए CGPSC से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
उज्जवल दीपक ने अपने पोस्ट में कहा कि CGPSC मेंस 2025 में शामिल अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार के लिए चयनित उम्मीदवारों की कुल संख्या को निर्धारित नियमों के विपरीत बताया है। अभ्यर्थियों का दावा है कि कुल 265 विज्ञापित पदों के विरुद्ध नियमानुसार न्यूनतम तीन गुना यानी 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया जाना चाहिए था। हालांकि, जारी चयन सूची में केवल 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किए जाने की बात कही गई है। इसे लेकर अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।
तीन गुना अभ्यर्थियों को अवसर देने की मांग
अभ्यर्थियों की ओर से मांग की गई है कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए विज्ञापित पदों के मुकाबले न्यूनतम तीन गुना अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर दिया जाए। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा के सभी प्रश्नपत्रों का उदारतापूर्वक पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग भी की गई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि पुनर्मूल्यांकन से अन्य योग्य प्रतिभागियों को भी साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर मिल सकता है।
CGPSC से आज ही स्थिति स्पष्ट करने की मांग
उज्जवल दीपक ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में CGPSC से इस पूरे मामले में अभ्यर्थियों के बीच बनी स्थिति को स्पष्ट करने की अपेक्षा जताई है। उन्होंने आयोग से मांग की है कि वस्तुस्थिति से अभ्यर्थियों को आज ही अतिशीघ्र अवगत कराया जाए, ताकि चयन प्रक्रिया को लेकर बनी असमंजस की स्थिति दूर हो सके। अब इस मामले में CGPSC की ओर से क्या स्पष्टीकरण सामने आता है, इस पर अभ्यर्थियों और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं की नजर बनी हुई है।