कथावाचक ने हत्या की वारदात को दिया अंजाम, घरेलू विवाद में पत्नी को मारी गोली

यूपी। हरदोई के शाहाबाद के मिश्रीपुर गांव में घरेलू विवाद में कथावाचक पति की गोली से घायल महिला की शुक्रवार को लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पति अभी फरार चल रहा है। कथावाचक पति की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

मामले में मिली जानकारी के अनुसार मिश्रीपुर निवासी किसान दुर्गा प्रसाद का गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पत्नी दुर्गावती से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है विवाद बढ़ने पर दुर्गा प्रसाद ने घर में रखी लाइसेंसी रायफल से पत्नी पर गोली चला दी। गोली पेट में लगने से दुर्गावती लहूलुहान होकर गंभीर घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो घर में चीख-पुकार मच गई।

परिजन घायल महिला को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां हालत में सुधार नहीं होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है।

दुर्गा प्रसाद के चार बच्चे हैं। इनमें एक बेटी और तीन बेटे हैं। घटना के वक्त एक बेटा घर पर मौजूद था। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने बताया कि घरेलू विवाद में पति द्वारा पत्नी को गोली मारने की बात सामने आई है। आरोपी पति की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महिला से पूछताछ के बाद वारदात की वजह स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *