मटकी फोड़ने से पहले ‘हाई एनर्जी’ में क्रेन पर चढ़ा युवक, ऑपरेटर ने समय रहते नीचे उतारा

बलरामपुर। जिला मुख्यालय के हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दही हांडी फोड़ने के लिए एक युवक क्रेन पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक ने कार्यक्रम से पहले ‘शोले’ एनर्जी ड्रिंक पी थी।

दही हांडी को क्रेन के जरिए काफी ऊंचाई पर लटकाया गया था। कन्हैया की टोली के मटकी फोड़ने से पहले ही युवक जोश में क्रेन पर चढ़ गया। युवक को क्रेन पर चढ़ता देख मौके पर मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई।

हालांकि, क्रेन ऑपरेटर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। ऑपरेटर ने तत्काल क्रेन को नीचे किया, जिसके बाद वहां मौजूद गोपालों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भी युवक को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए हलचल मच गई।

गनीमत रही कि समय रहते क्रेन को नीचे कर दिया गया और युवक को सुरक्षित उतार लिया गया। मटकी फोड़ जैसे आयोजनों में उत्साह के साथ सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *