शराब से 12 लोगों की मौत, जहरीली होने का दावा

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में कथित जहरीली और अवैध शराब के सेवन से 9 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मृतक जिले के चार अलग-अलग गांवों के बताए जा रहे हैं। रविवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें बंडा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात घूघर, नौराज, बराज और आसपास के क्षेत्रों के कुछ लोगों ने कथित तौर पर शराब का सेवन किया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मौतों की वजह जहरीली शराब का सेवन बताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी।घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान यदि किसी व्यक्ति ने किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है या उसमें जहरीली शराब से जुड़े लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो तत्काल उसकी स्क्रीनिंग कराई जाए।

कलेक्टर ने बताया कि डॉक्टरों की टीमें पूरे मामले पर लगातार नजर रख रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। सिविल अस्पताल में इलाज और जांच के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और जांच तेज कर दी है। डॉक्टरों और एसडीएम की टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की तबीयत खराब होने या संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य टीम से संपर्क करें या सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका के बीच स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *