जगदलपुर। शहर में बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल से 8 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया है। शनिवार देर शाम सिटी ग्राउंड के सामने हाउसिंग बोर्ड की बहुमंजिला इमारत के निर्माणाधीन स्थल पर जिला पुलिस, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान नाबालिग बालिकाओं से मजदूरी कराए जाने का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, निर्माण स्थल पर नाबालिगों से मजदूरी कराए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर जिला पुलिस बल, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टास्क फोर्स ने मौके पर पहुंचकर औचक जांच की। टीम के पहुंचते ही निर्माण स्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान टीम को 8 नाबालिग बालिकाएं निर्माण कार्य में मजदूरी करती हुई मिलीं। प्रारंभिक जांच में सभी बालिकाओं के बस्तर जिले की निवासी होने की जानकारी सामने आई है। टीम ने तत्काल सभी बालिकाओं को काम से मुक्त कराया और उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया। रेस्क्यू की गई सभी बालिकाओं को वैधानिक प्रक्रिया के तहत चाइल्ड लाइन के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। अब संबंधित विभाग द्वारा उनकी काउंसलिंग, संरक्षण और पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस की इस कार्रवाई को बाल श्रम के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।