रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों को बहला-फुसलाकर, डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर उनसे सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी मंगाने के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान वंदना साहू (26) और उसके पति दीपक साहू (29) के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, बड़ा अशोक नगर निवासी सोनम साहू ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी 11 वर्षीय भांजी को वंदना साहू जानती थी। आरोप है कि वंदना ने बच्ची को किसी बात को लेकर डराया-धमकाया और ब्लैकमेल किया। इसके बाद बच्ची ने घर में रखे सोने के कान के झुमके, सोने की चेन और अपनी नानी का रानीहार चोरी-छिपे वंदना साहू को दे दिया। बच्ची द्वारा बीच-बीच में घर से नकदी रकम भी दिए जाने की बात सामने आई।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि इस पूरे मामले में वंदना साहू का पति दीपक साहू भी कथित तौर पर शामिल था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आसपास के नाबालिग बच्चों को अपने झांसे में लेकर उन्हें डराते-धमकाते थे और घर से जेवरात एवं पैसे लाने के लिए मजबूर करते थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद एडीसीपी नॉर्थ जोन आदित्य पाण्डेय, एसीपी उरला पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर पुलिस ने वंदना साहू और दीपक साहू को पकड़ लिया।पुलिस की पूछताछ में दोनों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और चैन बरामद कर जब्त किए गए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 390/26, धारा 308(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. वंदना साहू पति दीपक साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी प्रीतम नगर, बड़ा अशोक नगर, रायपुर।
2. दीपक साहू पिता रिखी राम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी प्रीतम नगर, बड़ा अशोक नगर