रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी सेवाराम साहू को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आहत के आरोपी की पत्नी से संबंध होने के शक को हमले की वजह बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे रानी वर्मा अपने घर के सामने जन्माष्टमी का कार्यक्रम देख रही थीं। इसी दौरान उनके जेठ उमेन्द्र सिंह वर्मा घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को अंदर करने के लिए बाहर निकले। आरोप है कि तभी विकास नगर निवासी सेवाराम साहू पीछे से आया और धारदार हथियार से उमेन्द्र सिंह के सिर के पीछे कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की शिकायत पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 392/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने आहत के अपनी पत्नी से अवैध संबंध होने का शक होने के कारण हमला करने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चापड़ भी जब्त किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।हिरासत में आरोपी सेवाराम साहू, पिता आनंद साहू, उम्र 38 वर्ष, निवासी विकास नगर, गुढ़ियारी, रायपुर।