18 भैंसों को पुलिस ने बचाया, राजनांदगांव के रास्ते ले जा रहे थे कत्लखाना महाराष्ट्र

राजनांदगांव। थाना सोमनी पुलिस ने अवैध रूप से मवेशियों के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 नग भैंस बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से टाटा आयसर वाहन भी जब्त किया है।

कार्रवाई में 8.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि टाटा आयसर वाहन क्रमांक CG-15-DZ-4514 में मवेशियों को भरकर दुर्ग से राजनांदगांव की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए ठाकुरटोला टोल प्लाजा के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई।इसी दौरान संदिग्ध आयसर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस को देखकर वाहन को यू-टर्न लेकर तेज गति से दुर्ग की ओर भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया।

ग्राम टेडेसरा के पास जीई रोड पर वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद पुलिस ने चालक को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संगीत मधुकर उर्फ टेटे (30), निवासी ग्राम पथर्रा, थाना भिलाई-3, जिला दुर्ग बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी राजू पारधी, निवासी बुचीडीह सरदा, के साथ 18 भैंसों को वाहन में भरकर भंडरा, महाराष्ट्र ले जा रहा था।

पुलिस ने वाहन की तलाशी में 18 नग भैंस, अनुमानित कीमत 1.80 लाख रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त टाटा आयसर वाहन, कीमत करीब 7 लाख रुपये जब्त किया। कुल जब्ती की 8.80 लाख रुपये बताई गई है।

मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी संगीत मधुकर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उसे जेल दाखिल कराया गया।पुलिस ने बताया कि प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी राजू पारधी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *