मेरठ। पूर्व मंत्री एवं बसपा नेता याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा पर देर रात पिस्टल लेकर एक व्यक्ति के घर पहुंचकर धमकी देने और हमला करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फिरोज उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
बताया गया कि सोमवार रात करीब 1:15 बजे फिरोज उर्फ भूरा अपने साथी इस्लामाबाद निवासी अदनान और एक अन्य युवक के साथ कोतवाली क्षेत्र के सराय बहलीम निवासी असलम पहलवान के घर पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान फिरोज के हाथ में पिस्टल थी। आरोपियों ने घर में घुसकर धमकी दी और कथित तौर पर हमला भी किया। घटना से परिवार की महिलाओं में भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए। अगले दिन असलम पहलवान के परिवार की ओर से हाजी सिराज ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर फिरोज उर्फ भूरा, अदनान और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर हमला करने और धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित कीं। पुलिस ने याकूब कुरैशी के घर पर भी दबिश दी। इसके बाद मंगलवार शाम करीब चार बजे फिरोज उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, पुलिस को अब तक कथित पिस्टल बरामद नहीं हुई है।