मंत्री ने उकसाया, बीजेपी विधायक को चप्पल से पीटो

बेंगलुरु। कर्नाटक में भद्रा जलाशय से सिंचाई के लिए पानी छोड़ने के मुद्दे को लेकर मंत्री एसएस मल्लिकार्जुन विवादों में घिर गए हैं। किसानों के साथ बातचीत के दौरान उनका एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें वे भाजपा विधायक बीपी हरीश के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हरिहर क्षेत्र के कुछ किसान भद्रा जलाशय से सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर मंत्री से मिलने पहुंचे थे। किसानों ने कहा कि भाजपा विधायक बीपी हरीश ने उन्हें अपनी समस्या लेकर मंत्री के पास जाने की सलाह दी थी। विधायक का नाम सुनते ही मंत्री कथित तौर पर नाराज हो गए।

आरोप है कि मंत्री ने बातचीत के दौरान विधायक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की और ग्रामीणों से उन्हें चप्पल से पीटने जैसी बात कही। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

विधायक हरीश ने जताई नाराजगी

भाजपा विधायक बीपी हरीश ने मंत्री के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसानों की समस्याएं सुनने के बजाय उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता इस तरह के व्यवहार का जवाब देगी।

हरीश के मुताबिक, किसानों ने उनसे भद्रा जलाशय से क्षेत्र के लिए पानी की मांग को लेकर बात की थी। उन्होंने किसानों को जिला प्रभारी मंत्री से मिलने की सलाह दी थी, जिसके बाद वे मंत्री एसएस मल्लिकार्जुन के पास पहुंचे। भद्रा जलाशय से सिंचाई के लिए पानी छोड़ने को लेकर चल रहा विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी और वायरल वीडियो के कारण और गरमा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *