SSB जवान ने खुद को मारी गोली, आत्महत्या से सुरक्षा कैंप में हड़कंप 

झारखंड। चतरा जिले में एक एसएसबी जवान ने कथित तौर पर सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद सुरक्षा कैंप में हड़कंप मच गया। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के शिला ओपी पिकेट की है। यहां एसएसबी की 35वीं बटालियन में जवान की तैनाती थी। बीती रात करीब 10 बजे जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। मृतक जवान की पहचान देवघर जिले के महतोडीह गांव निवासी प्रह्लाद कुमार सिंह के रूप में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के सन्नाटे में अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद साथी जवान मौके पर पहुंचे तो प्रह्लाद खून से लथपथ पड़े थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी और एसएसबी कमांडेंट देर रात ही मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। जवान प्रह्लाद सिंह का शव बुधवार सुबह सदर अस्पताल लाया गया, जिसके बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रह्लाद के भाई रोहित सिंह ने बताया कि हम लोगों को बटालियन से फोन आया कि भाई को गोली लग गई, जिसके बाद हम लोग चतरा पहुंचे। उन्होंने कहा कि अपने भाई से मंगलवार शाम में बात हुई, जिसमें ऐसी कोई बात नहीं थी।

उन्होंने आगे बताया कि प्रह्लाद सिंह एक महीने पहले ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटे थे। घटना के दिन शाम करीब 5 बजे उनकी आखिरी बार बात हुई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि वे क्रिकेट खेलने जा रहे हैं और इसके बाद प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। परिजनों के अनुसार, प्रह्लाद सिंह की नौकरी वर्ष 2017 में लगी थी और 2018 में उनकी शादी हुई थी। उनके पीछे एक छोटी बच्ची है। फिलहाल, पुलिस और विभाग की ओर से आपसी कलह या मानसिक तनाव जैसे हर पहलू की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *