कुरूद क्षेत्र की प्रगति में बिजली की निर्बाध आपूर्ति की भूमिका अहम : अजय चंद्राकर

छ्त्तीसगढ़ रजत महोत्सव में विद्युत उपभोक्ता हुए सम्मानित

धमतरी। छ्त्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत वर्ष पर छ्त्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के कुरूद संभाग ने रजत महोत्सव का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा है कि कुरूद सहित आस-पास के क्षेत्र की तेज प्रगति के पीछे विद्युत की निर्बाध आपूर्ति की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि विद्युत आज प्रदेश की पहचान से जुड़ा विषय है। कुरूद के स्वामी विवेकानंद मंगल भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चंद्राकर ने पॉवर कंपनी की विभिन्न योजनाओं के सजग विदयुत उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया।

मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर ने कहा कि पूरे प्रदेश में कुरूद क्षेत्र में विद्युत का सबसे अधिक विकास कार्य हुआ है जिससे क्षेत्र के लोगों को कृषि ,उद्योग , शिक्षा आदि क्षेत्रों में सफलता मिलती है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए इसे एक आम घरेलू उपभोक्ता के लिए लाभप्रद बताया और आने वाले समय की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सौर ऊर्जा को सबसे प्राथमिक स्त्रोत बताया। सभा को कार्यक्रम की अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर एवं विशिष्ट अतिथि श्री निरंजन सिन्हा ने भी संबोधित किया।  पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता के एस भारती ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि प्रदेश के विद्युत उपभोक्ता 25 वर्षों में 19 लाख से 65 लाख हो गए हैं और आज प्रदेश की पॉवर कंपनी सभी को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में सफल हो पा रही है।    

कार्यपालन अभियंता कुरूद संभाग अमित कुमार ने बताया कि समारोह के दौरान विभिन्न योजनाओं के 26 सजग उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया। इसमें विद्युत बिल का बिना बकाया नियमित भुगतान करने वाले उपभोक्ता, सीमा के अंदर विद्युत खपत करने वाले एकल बत्ती उपभोक्ता, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थी, कृषक जीवन ज्योति योजना के लाभार्थी और  गैर घरेलू श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं। रजत महोत्सव कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्युत उपभोक्ता , गणमान्य नागरिक एवं पॉवर कंपनी के अधिकारी -कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *