कुरुद में बर्तन भंडार से कई नग गैस सिलेंडर जब्त

धमतरी। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के वाणिज्यिक उपयोग को रोकने के लिए सतत जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज कुरुद तहसील अंतर्गत राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा वाणिज्यिक परिसरों में निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान लक्की गैस चूल्हा एवं बर्तन भंडार, कुरुद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग वाणिज्यिक कार्यों में करते पाया गया। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान से 3 नग खाली एवं 1 नग भरा हुआ एचपी गैस सिलेंडर, साथ ही डबल बर्नर गैस चूल्हा, पाइप एवं रेगुलेटर बरामद किया गया। उक्त सामग्री को आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू प्रयोजनों के लिए निर्धारित है। वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में इसका उपयोग करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए वाणिज्यिक उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें, ताकि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *