मेकाहारा चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग, एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल ने डीन को सौंपा ज्ञापन
रायपुर। प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय चिकित्सालय डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में पदस्थ एनेस्थीसिया विभाग के चिकित्सक डॉ. बालकृष्ण साहू के खिलाफ शासकीय सेवा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए एनएसयूआई ने सोमवार को डीन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीन कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि संबंधित चिकित्सक शासकीय सेवा में रहते हुए नवा रायपुर सेक्टर-2 स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में भी सेवाएं दे रहे हैं, जो शासकीय सेवा नियमों के विपरीत है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मेकाहारा जैसे प्रमुख शासकीय अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता मरीजों के उपचार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में यदि शासकीय चिकित्सक निजी अस्पतालों में कार्य करते हैं तो इसका सीधा असर गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों की चिकित्सा सेवाओं पर पड़ता है।

एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ तत्काल निलंबन सहित कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियम उल्लंघन को संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव कुणाल दूबे, अतिक मेमन, जिला महासचिव खुशराज ढिल्लों, वि:सा उपाध्यक्ष आशीष बाजपाई एवं अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित थे।