धमतरी। इन मोबाइल मेडिकल यूनिटों के संचालन से विशेष पिछड़ी जनजातीय समूह (PVTG) समुदायों तक नियमित और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचेंगी। जिले के नगरी, मगरलोड और धमतरी विकासखंड के 33 से अधिक ग्रामों एवं बसाहटों के 45000 लोगों को इसका लाभ मिलेगा। जिले में लगभग 1823 परिवारों के 7000 से अधिक विशेष पिछड़ी जनजाति के तथा 500 धरती आबा के हैं, जिन्हें इस पहल से प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

मोबाइल मेडिकल यूनिट में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इकाइयाँ है। प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट में डॉक्टर, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन एवं स्थानीय वालंटियर तैनात रहेंगे। इन इकाइयों में 25 प्रकार की जांच सुविधाएँ उपलब्ध होंगी तथा 106 प्रकार की आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। टीबी, मलेरिया, एनीमिया, कुपोषण जैसी प्रमुख बीमारियों की जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में समय पर रेफर भी किया जाएगा। ये मोबाइल मेडिकल यूनिट तय रूट चार्ट अनुसार संबंधित गांवों में जाएगी।