PM-SYM योजना के तहत च्वाइस सेंटर(CSC) संचालकों को दिया गया प्रशिक्षण

Training given to Choice Center (CSC) operators under PM-SYM scheme Training given to Choice Center (CSC) operators under PM-SYM scheme

धमतरी। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं लघु व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना अंतर्गत च्वाइस सेंटर संचालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विगत 06 फ़रवरी को लाईवलीहुड कॉलेज, धमतरी में संपन्न हुई। कार्यशाला में जिले के समस्त जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों एवं लोक सेवा केन्द्र (CSC/च्वाइस सेंटर) के संचालक उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान भारत सरकार की प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन (PM-SYM) एवं एनपीएस ट्रेडर्स (NPS-Traders) योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि पात्र श्रमिकों एवं छोटे व्यापारियों का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित किया जा सके। भारत सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं लघु व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से इन योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। योजनांतर्गत शहरी क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन लोक सेवा केन्द्र च्वाइस सेंटर के माध्यम से किया जा रहा है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार समस्त नगरीय निकायों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं। योजना अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के श्रमिक एवं लघु व्यापारी पात्र हैं। आयु के अनुसार प्रतिमाह ₹55 से ₹200 तक अंशदान देय है, जिसकी समान राशि केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने के पश्चात हितग्राही को आजीवन ₹3000 प्रतिमाह पेंशन का लाभ मिलेगा, जिससे वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी। श्रम पदाधिकारी, धमतरी द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि निर्माण श्रमिक, कचरा बिनने वाले, रिक्शा एवं ऑटो चालक, घरेलू कामगार, ठेला-हॉकर, छोटे दुकानदार एवं लघु व्यापारी सहित अन्य पात्र व्यक्ति (पीएफ, ईएसआईसी एवं आयकरदाता को छोड़कर) अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ लें।

पंजीयन हेतु आवश्यक दस्तावेज — आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, मोबाइल नंबर एवं नामांकित व्यक्ति (नॉमिनी) का आधार कार्ड लेकर हितग्राही नजदीकी च्वाइस सेंटर अथवा शिविर स्थल पर पहुंचकर आयु अनुसार प्रथम किश्त की नगद राशि जमा कर पंजीयन करा सकते हैं।कार्यक्रम में जिले के सीएससी मैनेजर, समस्त च्वाइस सेंटर संचालक तथा श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *