5 लाख के कबाड़ से लदा 12 चक्का ट्रक जब्त, रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.650 टन स्क्रैप कबाड़ से लदे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत 5 लाख 29 हजार 500 रुपये बताई गई है। कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

तमनार चौक के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया ट्रक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पूंजीपथरा के प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक CG 13 LA 2763 में स्क्रैप कबाड़ लोड कर परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तमनार चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की।

पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम रमेश यादव (45 वर्ष), पिता डल्लू यादव, निवासी रसूलपुर, थाना सरायमीर, जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने ट्रक में लोड कबाड़ के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

5.29 लाख का कबाड़ और ट्रक जब्त

दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने और कबाड़ चोरी की संपत्ति होने के संदेह के आधार पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष विधिवत जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान 17.650 टन स्क्रैप कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत 5,29,500 रुपये है, के साथ परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 12 चक्का ट्रक को भी जब्त किया गया।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(क) और 35(ड) का उल्लेख करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई है।

अवैध कारोबार करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई: एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध कबाड़ परिवहन, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों को वैध दस्तावेजों के साथ ही परिवहन और व्यापार करने की हिदायत दी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध एवं संदिग्ध कबाड़ परिवहन पर निगरानी रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *