Headlines

चारामा के पास धुमाल पार्टी के 6 लोगों की मौत, CM साय ने मरकाटोला घाट हादसे पर जताया दुःख

बालोद। जिले में पुरूर-चारामा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मरकाटोला घाट के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी धुमाल पार्टी के लोगों से भरी पिकअप को पीछे से आ रहे गेहूं से लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, पिकअप में धुमाल पार्टी के 13 लोग सवार थे। उनकी गाड़ी मरकाटोला घाट के पास सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे गेहूं से लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में छह लोगों की जान चली गई।

धमतरी में घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल हुए सात लोगों को उपचार के लिए धमतरी ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की विस्तृत जानकारी और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सीएम साय का पोस्ट

बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस हृदयविदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। दुःख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *