रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, की असामयिक मौत की खबर से शोक की लहर है। हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुए इस दर्दनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
घायलों के उपचार के लिए छत्तीसगढ़ से भेजी गई अधिकारियों की टीम
CM साय ने बताया कि दुर्घटना में घायल नागरिकों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है।उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके और प्रभावित परिवारों को आवश्यक मदद तत्काल उपलब्ध कराई जा सके।
प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है छत्तीसगढ़ सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि शोक की इस कठिन घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।CM साय ने भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।