बलौदाबाजार। जेल में निरुद्ध बंदियों की आयु के सत्यापन को लेकर शुक्रवार को विशेषज्ञ समिति ने उपजेल बलौदाबाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के बंदियों से उनकी उम्र, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित बंदियों ने अपनी आयु 18 वर्ष से अधिक बताई। हालांकि, एक बंदी की उम्र 18 वर्ष से कम होने की आशंका सामने आई है। विशेषज्ञ समिति ने संबंधित बंदी का नाम मुख्य प्रहरी, उपजेल बलौदाबाजार को सौंपते हुए उसकी आयु का विधिवत सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
आयु सत्यापन में यदि संबंधित बंदी की उम्र 18 वर्ष से कम पाई जाती है, तो उसे नियमानुसार बाल संप्रेक्षण गृह में स्थानांतरित किया जाएगा। साथ ही संबंधित प्रकरण को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार, जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास, जेल अधीक्षक अभिषेक मिश्रा, विधिक सेवा प्राधिकरण से संजय सोनी, विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी मेघा शर्मा तथा सामाजिक कार्यकर्ता टुकेश्वर जगत उपस्थित रहे।