सरगुजा में स्कॉर्पियों से 70 लाख का गांजा जब्त, गन्ने की खेत में छुपे तस्कर गिरफ्तार

सरगुजा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के मामले का खुलासा किया है। थाना लुण्ड्रा पुलिस ने 138.4 किलोग्राम गांजा, स्कॉर्पियो वाहन और मोबाइल फोन समेत 90 लाख रुपये का मशरुका बरामद किया है।

मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।पुलिस के मुताबिक, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल संदिग्धों पर निगरानी रखते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में लुण्ड्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ओडिशा के ब्रह्मपुर से सफेद रंग की स्कॉर्पियो में गांजा भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरगडीह के पास नाकाबंदी कर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो सवार आरोपी वाहन को मौके पर छोड़कर पास के गन्ने के खेत में छिप गए। इसके बाद पुलिस टीम ने खेत में सर्चिंग अभियान चलाया और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बलराज सिंह बिन्द्रा (23), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद और अजय बंसल उर्फ अजय बैसला (23), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद बताया।

पुलिस के अनुसार, एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर स्कॉर्पियो एन वाहन की तलाशी ली। वाहन से 53 पैकेटों में कुल 138.4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 69 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 20 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो एन और आरोपियों के दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है, भी जब्त किए गए।

इस तरह कुल जब्ती करीब 90 लाख रुपये की है।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के ब्रह्मपुर से गांजा लेकर स्कॉर्पियो वाहन के जरिए उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। गांजे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 216/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस अब इस तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *