रोक-टोक से तंग आकर युवती ने लगाई थी फांसी, प्रताड़ित करने वाला युवक अरेस्ट

सरगुजा। जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा मृतिका को लगातार रोक-टोक करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के तथ्य जांच के दौरान सामने आए हैं। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को मृतिका का शव उसके निवास स्थान पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। सूचना मिलने के बाद गांधीनगर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 85/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम भी कराया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने मृतिका के परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। बयानों में ज्ञान तिवारी द्वारा मृतिका को रोक-टोक करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी की पहचान ज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ ज्ञान तिवारी (27 वर्ष), पिता रामेश्वर तिवारी, निवासी मुक्तिपारा, थाना गांधीनगर के रूप में हुई।

पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी द्वारा मृतिका को आत्महत्या के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद गांधीनगर थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 574/26, धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *