रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में आटा चक्की संचालक ने अपने कर्मचारी पर 1 लाख 76 हजार 355 रुपये की सामग्री और रकम में अमानत में खयानत करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार कर्मचारी चक्की परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे को बंद करने के बाद बड़ी मात्रा में गेहूं और आटा लेकर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गोगांव रोड स्थित तत्वा एग्रीटेक आटा चक्की का संचालन संकल्प शर्मा करते हैं। चक्की में नई मशीन लगने के कारण मशीन निर्माता कंपनी के माध्यम से राजस्थान निवासी आरिफ खान को मशीन चलाने और आटा बिक्री का काम सौंपा गया था। वह करीब दो महीने से वहां कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार 29 जुलाई 2026 को आरिफ खान ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया था। कैमरा बंद किए जाने का रिकॉर्ड संचालक के पास मौजूद होने की बात कही गई है। इसके बाद परिसर से करीब 35 बोरी गेहूं, प्रत्येक बोरी 50 किलो, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है, तथा करीब 40 बोरी आटा, जिसकी कीमत लगभग 36 हजार रुपये बताई गई है, गायब मिला।
इसके अलावा कर्मचारी पर अलग-अलग स्थानों से चक्की के पक्ष में प्राप्त भुगतान की रकम भी संचालक को नहीं देने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक जब घटना के दो दिन बाद आरिफ से पूछताछ की गई तो उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए रकम वापस करने के लिए दो-तीन दिन का समय मांगा। बताया गया कि घटना के करीब चार दिन बाद आरिफ सामान लेकर परिसर से चला गया। संपर्क करने पर उसने घर जाने की बात कही और तीन-चार दिन में वापस लौटने का आश्वासन दिया। लेकिन इसके बाद वह लगातार टालमटोल करता रहा।
संचालक के अनुसार 13 अगस्त 2026 को आरिफ से WhatsApp पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद उसने कोई संपर्क नहीं किया। कर्मचारी द्वारा गेहूं, आटा और अन्य प्राप्त रकम मिलाकर करीब 1,76,355 रुपये का नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप लगाते हुए खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।