रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में 9 अक्टूबर 2026 को आरपीएफ स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। प्रस्तावित दौरे और निरीक्षण को देखते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
रेलवे की कार्ययोजना के अनुसार, रायपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य, स्टेशन परिसर, यार्ड, पहुंच मार्ग और आसपास के क्षेत्रों को निर्धारित समय-सीमा में तैयार करने पर जोर दिया गया है। संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्टेशन के नए प्रवेश क्षेत्र पर भी फोकस
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, रेल मंत्री के संभावित निरीक्षण को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े कार्यों की प्रगति को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने की तैयारी है। शहर की ओर बनने वाले नए भवन के लिए ड्राइंग की स्वीकृति और खुदाई शुरू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नए प्रवेश क्षेत्र को व्यवस्थित और पर्याप्त रोशनी से लैस करने, प्रमुख मार्गों पर दिशा-सूचक बोर्ड और संकेतक लगाने तथा सर्कुलेटिंग एरिया की लेन को निर्धारित योजना के अनुसार विकसित करने की तैयारी है।
सड़क, नाली और पेवर ब्लॉक की होगी मरम्मत
स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही को बेहतर बनाने के लिए सड़कों, नालियों और पेवर ब्लॉक की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। रेलवे का फोकस स्टेशन परिसर की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ निर्माण कार्यों को तय समय में पूरा करने पर है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट और पुनर्विकास कार्य पहले से जारी हैं। हाल में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने भी स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, यात्री सुविधा और समयबद्धता को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए थे।