वारदात को अंजाम दे रहे चोर की मौत, अस्पताल की छत से कूदा

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत स्थित नागरिक अस्पताल में मोबाइल चोरी और एक संदिग्ध युवक की मौत का मामला सामने आया है। घटना अस्पताल के मेडिकल वार्ड की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 30 वर्षीय युवक मरीज बनकर वार्ड में पहुंचा था। मोबाइल चोरी का शोर मचने के बाद भागते समय उसने अस्पताल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के अलीपुर निवासी प्रीति शरीर में दर्द की शिकायत के चलते नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती थीं। उनके अनुसार, एक युवक काफी देर तक वार्ड में इधर-उधर घूमता रहा। इसके बाद वह उनके पास वाले बेड पर आकर कुछ देर लेट गया। प्रीति के मुताबिक, कुछ देर बाद युवक उनका मोबाइल लेकर वार्ड से निकलने लगा। मोबाइल गायब होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने शोर मचा दिया। इसके बाद अस्पताल के स्टाफ ने युवक का पीछा करना शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि भागते हुए युवक अस्पताल की दूसरी मंजिल तक पहुंच गया। पीछा किए जाने के दौरान उसने वहां से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान नहीं हुई

घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अब मृतक की पहचान के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि वह अस्पताल कैसे पहुंचा था और वहां आने का उसका उद्देश्य क्या था। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल, युवक की पहचान और मोबाइल चोरी से संबंधित घटनाक्रम की पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *