कवर्धा। जिले के शिक्षित एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कबीरधाम द्वारा आज जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय परिसर, काली माता मंदिर के पास, ठाकुर पारा, कवर्धा में आयोजित होगा।
जिला रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के विभिन्न नियोजकों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी श्रेणी के कुल 384 पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में चन्द्रायन मोटर्स, रायपुर रोड कवर्धा, श्री श्याम ट्रेडर्स, शिक्षक कॉलोनी कवर्धा, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा.लि., रायपुर, अश्र्व फाउंडेशन/सिक्यूरिटी एवं एचआर सर्विस प्रा.लि., रायपुर तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, अंजोरा, जिला दुर्ग द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण से स्नातक एवं संबंधित तकनीकी योग्यता निर्धारित है। आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 25 हजार रुपये तक का वेतन प्रदान किया जाएगा। यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है और निजी क्षेत्र में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में शामिल होने से पूर्व रोजगार पंजीयन एवं रोजगार मेला पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है। पंजीयन के बाद अभ्यर्थी अपने समस्त शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति तथा छायाप्रति के साथ उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। रिक्त पदों एवं भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए विभागीय वेब पोर्टल पर उपलब्ध रोजगार मेले की जानकारी का अवलोकन किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, कबीरधाम के दूरभाष क्रमांक 07741-299344 पर संपर्क किया जा सकता है।
रोजगार मेला 25 सितंबर को
छत्तीसगढ़ शासन, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग, रायपुर द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा 25 सितंबर शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आईटीआई परिसर, नया टोला, मरवाही में आयोजित होगा। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों द्वारा कुल 436 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें इलेक्ट्रिक सेक्टर में इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मैंनटेनेंस इलेक्ट्रिक टेक्नीशियन, फाइनेंस सेक्टर में फील्ड ऑफिसर एंड कलेक्शन ऑफिसर, सिक्योरिटी एवं सर्विस सेक्टर में सिक्युरिटी गार्ड, सुपरवाईजर, सिक्युरिटी सुपरवाईजर, मार्केटिंग, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित बैंकिंग एवं बीमा क्षेत्र में विभिन्न पद शामिल हैं। रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ शासन की आधिकारिक रोजगार वेबसाइटwww.erojgar.cg.gov.inपर रोजगार के अवसर हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रोजगार मेले में शैक्षणिक योग्यता के अनुसार 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई इलेक्ट्रिशियन, स्नातक आदि योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।