कोरबा। पसान थाना पुलिस की अभिरक्षा में मौजूद एक स्थायी वारंटी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने पेशाब करने की बात कहकर बाहर जाने की अनुमति ली और मौका मिलते ही पुलिस की पकड़ से भाग निकला। घटना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
फरार आरोपी की पहचान खीरचंद, पिता केवल सिंह, निवासी कुम्हारीसानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 354 के तहत मामला दर्ज था और वह इस प्रकरण में स्थायी वारंटी था। इसी मामले में पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक अभिरक्षा के दौरान आरोपी ने पेशाब करने की बात कही। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बाहर जाने के दौरान वह अचानक दौड़कर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा।
मामले में पसान पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार होने पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 262 के तहत अलग से अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश कर रही है।