मंत्री की बेटी की मौत, नेशनल हाईवे में कार जा घुसी ट्रक में

जमशेदपुर। जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे एक भारी ट्रक ब्रेकडाउन होने के कारण मरीन ड्राइव की सड़क के बीच खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज रफ्तार से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह ट्रक के पीछे फंस गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में सवार चारों लोग गंभीर रूप से फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद कार को काटकर सभी को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े खराब ट्रक को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *