रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के एक ढाबा संचालक द्वारा पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अशोभनीय व्यवहार की शिकायत के बाद रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया, जबकि एक आरक्षक को पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बिहारी ढाबा के संचालक मोंटू गुप्ता ने 24 सितंबर 2026 को रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23 सितंबर की रात धरमजयगढ़ थाने के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी और अन्य पुलिसकर्मी ढाबे पर पहुंचे थे। इस दौरान विवाद होने और उनके साथ मारपीट किए जाने की शिकायत की गई।

शिकायत के बाद एसएसपी ने की तत्काल कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक परीक्षण में प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी के कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता प्रथम दृष्टया सामने आई। इसके बाद प्रधान आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं आरक्षक विजय राठिया के खिलाफ ढाबा संचालक के साथ अशोभनीय आचरण का मामला प्रथम दृष्टया पाए जाने पर उसे रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
एसडीओपी को प्राथमिक जांच के निर्देश
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसएसपी ने धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान कार्रवाई शिकायत के प्रारंभिक परीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद मामले में आगे निर्णय लिया जाएगा।