दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित राधा कृष्ण ज्वेलर्स में चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया। इसके बाद विशेष टीमों की मदद से उसे पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 की रात करीब 7:45 बजे बालाजी अपार्टमेंट के पास स्थित राधा कृष्ण ज्वेलर्स में एक युवक मास्क लगाकर पहुंचा था। उसने दुकान संचालक से आभूषण दिखाने के लिए कहा। इसी दौरान उसने चाकू से हमला करने की कोशिश की। बचाव के दौरान दुकान संचालक के चेहरे और हाथ में चोट आई।
घटना के संबंध में दुकान संचालक की शिकायत पर 22 सितंबर की रात पद्मनाभपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं और तकनीकी साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
48 घंटे में हुई आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया।
मामले में अपराध क्रमांक 0593/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 109(1) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की उम्र 18 वर्ष से कम है। नियमानुसार उसे बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।