रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में युवक की गुमशुदगी के मामले ने सनसनीखेज हत्या का रूप ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का शव बरामद करने के साथ ही घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में हुई है। उसकी मां ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका बेटा 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे से घर से लापता है। सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू की और युवक की तलाश में पुलिस टीम जुट गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर पतासाजी करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान प्रारंभिक पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर राजा नायडू से पूछताछ की गई। उससे मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने विनोद दांडेकर की भूमिका का भी पता लगाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
10 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विनोद दांडेकर करीब 10 साल पुरानी रंजिश अपने मन में रखे हुए था। उसे संदेह था कि लगभग एक दशक पहले उसके बेटे की हत्या में निरंजन पाल शामिल था। इसी बात को लेकर वह निरंजन से दुश्मनी रखता था।
पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश के चलते विनोद दांडेकर ने राजा नायडू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों आरोपियों ने निरंजन पाल को कमल विहार सेक्टर-13 बुलाया। वहां उसे शराब पिलाने के बाद कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
सबूत मिटाने के लिए जलाए कपड़े, गटर में फेंका शव
हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान और साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। इसके लिए मृतक के कपड़ों को जला दिया और शव को गटर में फेंक दिया। वहीं, मृतक की एक्टिवा को बाकल नदी के पास छिपा दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर निरंजन पाल का शव बरामद कर लिया। इसके अलावा घटना से संबंधित जले हुए कपड़े और मृतक की एक्टिवा भी बरामद की गई है।
तेलीबांधा थाने का गुंडा-बदमाश है आरोपी राजा नायडू
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राजा नायडू तेलीबांधा थाना क्षेत्र का गुंडा-बदमाश है। पुलिस ने दोनों आरोपियों राजा नायडू और विनोद दांडेकर के खिलाफ हत्या एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की विवेचना जारी है।
तेलीबांधा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार पूछताछ के चलते गुमशुदगी के मामले में हत्या का खुलासा हो सका। पुलिस ने शव के साथ महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।