बिलासपुर। हत्या के प्रयास और बलवा जैसे गंभीर मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे तीन आरोपियों को मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। खास बात यह है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 से लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला 9 मार्च 2021 का है। ग्राम बिनेका में ओमप्रकाश कुर्रे, उसके पुत्र लव कुर्रे और राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामेश्वर कोसले और अन्य लोगों के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि आरोपियों ने हत्या करने की नीयत से हमला करते हुए गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। घटना के दौरान बलवा भी किया गया था। इस मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना शुरू की थी।
घटना के बाद से ही तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा उनकी लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन आरोपी अपने ठिकाने बदलते रहते थे, जिसके कारण उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने फरार आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में चौकी मल्हार पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने पुराने प्रकरण की डायरी की समीक्षा करते हुए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखनी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पांच साल से फरार तीनों आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस की टीम ने बिना देर किए गोपनीय तरीके से घेराबंदी की और दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश कुर्रे (55 वर्ष), पिता सुकुल कुर्रे, लव कुर्रे (30 वर्ष), पिता ओमप्रकाश कुर्रे और राजेश कुर्रे, पिता ओमप्रकाश कुर्रे शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम बिनेका, चौकी मल्हार क्षेत्र के निवासी हैं।
चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली
इस कार्रवाई में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वर्ष 2018 से संबंधित अन्य मामलों में कुल चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे। आरोपी इन मामलों में भी लंबे समय से फरार चल रहे थे। मल्हार पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान इन चारों वारंटों की भी तामिली की।