दुर्ग/भिलाई। ड्राइवर संगठन की मांगों और विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम, भिलाई में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और ड्राइवर संगठन के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की प्रमुख मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों और समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
आज आयोजित इस बैठक में अधिकारियों ने ड्राइवर संगठन के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और उनकी समस्याओं के संबंध में चर्चा की। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपनी मांगों को लेकर विरोध या प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसके दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है।
बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने ड्राइवर संगठन के पदाधिकारियों को समझाइश दी कि धरना-प्रदर्शन केवल निर्धारित एवं सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त स्थल पर ही किया जाए। किसी भी प्रकार का प्रदर्शन आयोजित करने से पहले विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाना चाहिए, जिससे आम लोगों को परेशानी हो या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
वहीं, ड्राइवर संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी सहमति जताई। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन अपनी मांगों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से रखेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेगा।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस बैठक के माध्यम से प्रशासन और ड्राइवर संगठन के बीच संवाद स्थापित हुआ तथा संगठन की मांगों को शासन तक पहुंचाने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया।