Headlines

रायपुर की सड़कों पर रोशनी का दावा, 66 हजार से ज्यादा स्ट्रीट लाइट चालू, 667 बंद

रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़कों को रोशन रखने और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिक निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम के अनुसार, पूरे शहर में कुल 66,930 सड़क बत्तियां स्थापित हैं, जिनमें से 66,263 लाइटें चालू हैं, जबकि मात्र 667 लाइटें बंद हैं। निगम का दावा है कि बंद लाइटों की संख्या कुल स्ट्रीट लाइट का एक प्रतिशत से भी कम है। इन खराब लाइटों को सुधारने के लिए सभी जोनों में मरम्मत और संधारण का कार्य जारी है।

नगर निगम मुख्यालय के विद्युत विभाग के माध्यम से शहर के सभी 10 जोनों को अधोसंरचना मद से 5-5 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। इस राशि से विभिन्न जोनों द्वारा कुल 1,978 नई स्ट्रीट लाइट फिटिंग खरीदी गई हैं। इन फिटिंग को उन बिजली खंभों पर लगाया जा रहा है, जहां फिलहाल स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है। निगम द्वारा इस कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी 10 जोनों में खरीदी गईं 1,978 फिटिंग

नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोनवार स्ट्रीट लाइट फिटिंग की खरीदी इस प्रकार की गई है।

  • जोन क्रमांक 1 – 212 फिटिंग
  • जोन क्रमांक 2 – 140 फिटिंग
  • जोन क्रमांक 3 – 212 फिटिंग
  • जोन क्रमांक 4 – 202 फिटिंग
  • जोन क्रमांक 5 – 200 फिटिंग
  • जोन क्रमांक 6 – 215 फिटिंग
  • जोन क्रमांक 7 – 200 फिटिंग (निगम मद)
  • जोन क्रमांक 8 – 197 फिटिंग
  • जोन क्रमांक 9 – 188 फिटिंग
  • जोन क्रमांक 10 – 212 फिटिंग

इस तरह सभी जोनों में कुल 1,978 स्ट्रीट लाइट फिटिंग की खरीदी की गई है। जोन स्तर पर इन फिटिंग को रिक्त खंभों में लगाने का काम किया जा रहा है।

प्रत्येक जोन में चार गैंग कर रहे काम

स्ट्रीट लाइट लगाने और खराब लाइटों की मरम्मत के लिए प्रत्येक जोन में चार गैंग तैनात किए गए हैं। नगर निगम के अनुसार, कुल 102 मानव कार्यबल प्लेसमेंट के माध्यम से सड़क बत्ती के संचालन और संधारण में जुटे हुए हैं। इनके द्वारा बंद लाइटों को ठीक करने के साथ ही नई फिटिंग लगाने का काम भी किया जा रहा है।

इसके अलावा अलग-अलग वार्डों में पार्षद निधि से भी स्ट्रीट लाइट फिटिंग लगाने का कार्य कराया जा चुका है। नगर निगम का विद्युत विभाग सभी जोनों के माध्यम से बंद लाइटों को सुधारने और शहर के रिक्त खंभों पर नई फिटिंग लगाने की दिशा में काम कर रहा है।

नगर निगम के मुताबिक, शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मरम्मत, संधारण और नई फिटिंग लगाने का काम लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर की सड़कों और प्रमुख मार्गों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *