कुरुद पुलिस ने की छापेमारी, 3 तस्करों को पकड़ा, नशीली कैप्सूल जब्त

धमतरी। जिले में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में कुरुद पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर नशीली कैप्सूल बेचने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 988 नशीले कैप्सूल, 2,050 रुपये नगद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 27,243 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उमरदा गांव स्थित विशाखापटनम ओवरब्रिज के पास कुछ लोग नशीली कैप्सूल बेच रहे हैं। सूचना पर कुरुद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्तिक कोसिरिया (22), निवासी गांधी चौक कुरुद और पंकज पटेल (25), निवासी उमरदा को पकड़ा। दोनों के कब्जे से 613 नशीले कैप्सूल, 1,050 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। इस मामले में थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 315/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(क) और 29 में अपराध दर्ज किया गया है।

भरदा ओवरब्रिज के नीचे भी कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई ग्राम भरदा ओवरब्रिज के नीचे चाय दुकान के पास की गई। यहां पुलिस ने गुलशन साहू (25), निवासी ग्राम भरदा को नशीली कैप्सूल बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 375 कैप्सूल, 1,000 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 316/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और 29 में अपराध दर्ज किया गया है।

100 रुपये प्रति कैप्सूल बेचने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशीले कैप्सूल 100 रुपये प्रति नग की दर से ग्राहकों को बेचते थे। इस आधार पर जब्त 988 कैप्सूल की अनुमानित बिक्री कीमत 98,800 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *