बिलासपुर में निगम का क्लर्क गिरफ्तार, लीज रिन्यूअल करने ले रहा था रिश्वत

बिलासपुर। सरकारी काम कराने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बिलासपुर नगर निगम के संपदा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक क्लर्क को 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, संपदा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका पर आरोप है कि उसने लीज नवीनीकरण कराने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला ने ACB से शिकायत की थी।

शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने रिश्वत लेते आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई। तय योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने क्लर्क को 10 हजार रुपये दिए, वहां मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। ACB ने आरोपी क्लर्क के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *