चोरी का सामान खप रहा था कबाड़ दुकान में, पुलिस ने संचालक को किया गिरफ्तार

रायगढ़। चोरी के माल की खरीद-बिक्री और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने पीपरमार चौक स्थित एक कबाड़ दुकान में दबिश देकर करीब 800 किलोग्राम लोहे और टीन का कबाड़ तथा एक पिकअप वाहन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े को क्षेत्र में अवैध कबाड़ के कारोबार की सूचना मिली थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ पीपरमार चौक स्थित कबाड़ दुकान पहुंची। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम मनतोष यादव (30 वर्ष), निवासी नीचेपारा धरमजयगढ़ बताया।

दुकान की जांच के दौरान करीब 500 किलोग्राम लोहे और टीन का स्क्रैप मिला। वहीं पिकअप वाहन क्रमांक CG 13 AB 6317 में 300 किलोग्राम कबाड़ लोड पाया गया। पुलिस ने कुल करीब 800 किलोग्राम कबाड़, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये, और करीब 5 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन जब्त किया है।

पुलिस ने मामले में संचालक के खिलाफ धारा 35(क-ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि चोरी के माल की खपत और अवैध कबाड़ के कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *