रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीराम नगर में चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार स्टील का चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि काशीराम नगर में एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आयुष प्रकाश उर्फ छोटे बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार स्टील का चाकू बरामद किया गया।
आरोपी चाकू रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 420/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की।