Raigarh : 6 ट्रक-माजदा से 53 लाख का कबाड़ जब्त, प्लांटों में खपाने की थी तैयारी

रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अलग-अलग 6 कार्रवाइयों में 5 ट्रक और 1 माजदा वाहन से कुल 129.840 टन लोहे-टीन और अन्य स्क्रैप जब्त किया है। जब्त कबाड़ की कीमत करीब 53.60 लाख रुपये बताई गई है, जबकि 6 वाहनों सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 1.21 करोड़ रुपये है।

पुलिस के मुताबिक, यह कबाड़ स्थानीय औद्योगिक प्लांटों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। वाहन चालकों से स्क्रैप के परिवहन और उसके स्रोत से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। चोरी के माल होने के संदेह में पुलिस ने कबाड़ और वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली थी कि 14 चक्का ट्रक क्रमांक UP63AT2054 में लोहे के टुकड़े, टीन, रॉड और वाहनों के पार्ट्स लोड कर प्लांट में खपाने के लिए ले जाए जा रहे हैं।

सूचना पर पुलिस ने रायगढ़ रोड स्थित स्केनिया प्लांट के पास ट्रक को रोककर जांच की। चालक राकेश गिरी (32 वर्ष), निवासी जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश, स्क्रैप के परिवहन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संबंधित प्लांट से भी प्रवेश आदेश और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।

इसके बाद पुलिस ने करीब 23.990 टन स्क्रैप, जिसकी कीमत लगभग 8.49 लाख रुपये और ट्रक, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है, जब्त कर लिया। आरोपी चालक के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में पुलिस ने पूंजीपथरा-तमनार चौक पर नाकेबंदी कर पांच अन्य वाहनों की जांच की। इन वाहनों में भी भारी मात्रा में लोहे-टीन और अन्य स्क्रैप लोड मिला।

पुलिस की कार्रवाई में जब्त कबाड़ का विवरण इस प्रकार है:

वाहन क्रमांकजब्त स्क्रैपअनुमानित कीमत
CG14MF022318.350 टन₹7,70,700
OD05R708524.830 टन₹10,54,778
CG22U387313.040 टन₹5,77,020
OD29D432525.510 टन₹10,83,665
OD19C466624.120 टन₹10,24,618

इन पांच वाहनों से कुल 105.850 टन स्क्रैप जब्त किया गया। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से कबाड़ के स्रोत और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।

एसएसपी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चोरी के माल की खरीद-बिक्री, परिवहन और खपत पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। पुलिस अब जब्त कबाड़ के स्रोत, परिवहन और संभावित औद्योगिक खपत के संबंध में आगे जांच कर रही है। कार्रवाई का उद्देश्य चोरी के सामान की अवैध खरीद-बिक्री और उसे औद्योगिक इकाइयों में खपाने पर रोक लगाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *