मोवा में बाइक गिराने का विरोध करने पर मिस्त्री से मारपीट, कड़े से किया हमला

रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में बाइक गिराने का विरोध करने पर एक मिस्त्री के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। घटना में मिस्त्री की दाहिनी आंख के नीचे चोट आई है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वर्तमान में रायपुर निवासी दिनेश कंवर मिस्त्री का काम करते हैं। 26 सितंबर 2026 को वह मोवा शराब भट्ठी के पास स्थित जय गुप्ता की किराना दुकान में काम करने गए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 QP8434 दुकान के सामने खड़ी की थी।

रात करीब 8 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मोटरसाइकिल को धक्का देकर गिरा दिया। दिनेश ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उनसे मारपीट करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने दाहिने हाथ में पहने कड़े से हमला किया, जिससे उनकी दाहिनी आंख के नीचे चोट लगी और खून निकलने लगा।

पीड़ित के मुताबिक, घटना के दौरान उनके साथ काम करने वाले मिस्त्री राम यादव और दुकान संचालक जय गुप्ता मौके पर मौजूद थे। दोनों घटना के प्रत्यक्षदर्शी बताए गए हैं। मामले में दिनेश कंवर ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *