रायपुर। CM विष्णुदेव साय ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों और देश-दुनिया के पर्यटकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रकृति के अनुपम सौंदर्य, समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन धरोहरों और आत्मीय आतिथ्य से समृद्ध पर्यटन की धरती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नया छत्तीसगढ़ अपनी अनमोल विरासत को सहेजते हुए पर्यटन के नए क्षितिज खोल रहा है। प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और छत्तीसगढ़ देश-दुनिया के पर्यटकों का स्वागत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ पर्यटक छत्तीसगढ़ की अनुपम सुंदरता को निहारें, यहां की समृद्ध संस्कृति को जानें और खूबसूरत स्मृतियां लेकर लौटें, जो हमेशा उनके साथ रहें।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदेश की अमूल्य पहचान बताते हुए पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संदेश दिया।