तमिलनाडु। महिला यूट्यूबर मधुमिता को अपने डेली लाइफ व्लॉग में कीमती सामान और नकदी दिखाना महंगा पड़ गया। उसके घर से करीब 944 ग्राम सोने के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि चोरों ने यूट्यूबर के सोशल मीडिया वीडियो देखकर घर और वहां रखे कीमती सामान की जानकारी जुटाई और इसके बाद चोरी की योजना बनाई।
चोरी की घटना के बाद मधुमिता के पुराने वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ गहने और नकदी भी दिखाती नजर आती हैं।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही यूट्यूबर की सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने का जोखिम
सोशल मीडिया पर घर, कीमती सामान और आर्थिक स्थिति से जुड़ी निजी जानकारी साझा करना कई बार अपराधियों के लिए मददगार साबित हो सकता है। ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जहां सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो के जरिए अपराधियों को पीड़ितों के बारे में अहम जानकारी मिली।
जून 2026 में मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक महिला यूट्यूबर के घर से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया था। पुलिस जांच में सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो के जरिए घर और वहां मौजूद कीमती सामान की जानकारी चोरों तक पहुंचने की बात सामने आई थी।
इससे पहले 2018 में बेंगलुरु में भी सोशल मीडिया पोस्ट के बाद चोरी का मामला सामने आया था। एक महिला के फेसबुक पोस्ट के बाद उसके घर से करीब पांच लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी हो गई थी। फिलहाल तमिलनाडु पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।