जशपुर। जिले के लावाकेरा में आज रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। लावाकेरा पुलिस बैरियर के पास तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के दौरान सड़क पार कर रही करीब 17 से 18 बकरियां भी ट्रकों की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस बैरियर के पास पहले दो ट्रकों के बीच टक्कर हुई। इसी दौरान पीछे से आ रहा तीसरा ट्रक भी अनियंत्रित होकर दोनों वाहनों से जा टकराया। लगातार तीन वाहनों की टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बड़ी संख्या में बकरियां सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान कई बकरियां ट्रकों की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से जाम की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।