मौत की परवाह न कर नदी में कूदा आरोपी, पुलिस को चकमा देकर फरार

बिहार। भागलपुर में आर्म्स एक्ट के एक आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर उफनती चांदन नदी में छलांग लगा दी और फरार हो गया। घटना के दौरान आरोपी के साथ मौजूद एक सिपाही भी नदी में गिर गया। सिपाही ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 25 सितंबर की दोपहर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर घाट की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कजरैली थाना क्षेत्र के मोदीपुर निवासी संतोष यादव सैदपुर घाट के पास हथियार लेकर किसी आपराधिक वारदात की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सादे कपड़ों में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिसकर्मी आरोपी को नदी के दूसरे छोर पर खड़ी सरकारी गाड़ी तक ले जा रहे थे। रास्ते में उन्हें बांस से बने चचरी पुल से गुजरना था। बताया जा रहा है कि पुल के बीच पहुंचते ही आरोपी ने अचानक साथ चल रहे सिपाही को धक्का दिया और चांदन नदी में छलांग लगा दी।

अचानक हुए घटनाक्रम में सिपाही भी नदी में गिर गया। तेज बहाव के बीच उसने किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई। वहीं आरोपी पानी के तेज बहाव के साथ आगे निकल गया और पुलिस की पकड़ से फरार हो गया।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे विभिन्न दावों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *