पिकअप से कुचलकर बर्थडे बॉय की हत्या, दुर्ग जामुल में मिला शव, 4 हत्यारे गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में ढांचा भवन स्थित दुर्गा पंडाल के पास विवाद के बाद पिकअप वाहन से कुचलकर युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 25 सितंबर 2026 की रात की है। कैलाश नगर, भिलाई निवासी नारायण सिंह ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पुत्र अंकित सिंह का जन्मदिन था। रात करीब 11:30 बजे गोपी अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन में ढांचा भवन स्थित दुर्गा पंडाल के पास पहुंचा था। वहां अंकित सिंह और गोपी के बीच बातचीत को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान गोपी ने अंकित के साथ गाली-गलौज की और पिकअप वाहन को तेज एवं खतरनाक तरीके से चलाते हुए उसके ऊपर चढ़ा दिया। घटना में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

त्वरित कार्रवाई कर चार आरोपी गिरफ्तार

मामले की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 715/2026 दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। आरोपियों की तलाश और घेराबंदी के बाद पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर घटना में उनकी संलिप्तता सामने आने पर 27 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (23 वर्ष), गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन (24 वर्ष), मिलिंद साहू (21 वर्ष) और शुभम शर्मा (21 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 DC 6706 जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 110, 103(1), 3(5) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *