शोएब ढ़ेबर ने कबूला जुर्म, विदेशी नंबर से रायपुर के कांग्रेसी को धमकाया था…25 करोड़ दो, नहीं तो हत्या होगी

रायपुर। राजधानी में 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी देने के मामले में रायपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा ने 14 सितंबर को तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया और 25 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की।

आरोप है कि रकम नहीं देने पर पीड़ित कांग्रेस नेता, उनके पुत्र अजीत और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या करने की धमकी दी गई। साथ ही रायपुर और तेलीबांधा क्षेत्र में हत्या करवाने की बात भी कही गई। शिकायत के आधार पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 403/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विदेशी नंबर से भेजे गए संदेशों की जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने कांग्रेस नेता के मोबाइल पर आए व्हाट्सएप संदेश, विदेशी मोबाइल नंबर, अन्य कई नंबरों और भेजे गए वीडियो की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों की कड़ियों और डिजिटल इनपुट का विश्लेषण करते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान शोएब ढेबर के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच आईफोन जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर, उम्र 26 वर्ष, निवासी पॉम बेलाजियो, फ्लैट नंबर 803 बी, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ तेलीबांधा थाने में धारा 308(4), 351(3), 351(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *