धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और दादागिरी को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। ग्राम जोरातराई (अ) में शीतला मंदिर के पास बैठे युवक पर आरोपी ने धारदार चाकू से पेट के बाएं हिस्से में वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से वारदात में इस्तेमाल चाकू तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे ग्राम जोरातराई (अ) में हुई। गांव का रहने वाला देवेंद्र साहू शीतला मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान आसपास कुछ लोग ताश खेल रहे थे। आरोप है कि गांव का ही खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर वहां पहुंचा और देवेंद्र के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से देवेंद्र के पेट के बाएं हिस्से में वार कर दिया। चाकू के हमले से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल डायल 112 की मदद से उपचार के लिए कुरुद अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया।
घटना को लेकर घायल युवक के चाचा संतू राम साहू (60 वर्ष) ने भखारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 137/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। घेराबंदी कर पुलिस ने खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर (21 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने बताई है।
चाकू और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार बटची चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़ों को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।