बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर युवती का लंबे समय तक दैहिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शादी की बात करने पर पीड़िता के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 एवं 115(2) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम चिचिरदा स्थित फार्म हाउस से जुड़े इस मामले में पीड़िता ने 11 नवंबर 2026 को थाना चकरभाठा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी दीपेश कौशिक वर्ष 2024 से उसे शादी करने का प्रलोभन देकर लगातार दैहिक शोषण कर रहा था। जब पीड़िता ने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने उसके साथ मारपीट की।
शिकायत मिलने के बाद चकरभाठा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपेश कौशिक को पकड़कर थाने लाया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई है। इसके बाद पुलिस ने 12 नवंबर को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
आरोपी का नाम दीपेश कौशिक (24 वर्ष) पिता श्याम सुंदर कौशिक है। वह वार्ड नंबर 08, बोदरी, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर का निवासी है।